भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपनी दूसरी ओर तीसरी सूची के प्रत्याशियों से फीडबैक लिया। सीएम निवास पर आयोजित की यह वन टू वन चर्चा देर रात तक चलती रही। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रभारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव जैसे तमाम बड़े नेता मोजूद रहे। इन्होंने पहले से प्रत्याशियों से सामूहिक तौर पर चर्चा कर जीत के लिए टिप्स दिए। इसके बाद उम्मीदवारों से एक एक करके बातचीत कर अब तक का विधानसभा में बना फीडबैक लिया।
इस बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद उदय राव प्रताप सिंह, रीति पाठक, राकेश सिंह, गणेश सिंह जैसे तमाम बड़े नेता शामिल हुए। इन सभी को भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2023 में अपना प्रत्याशी बनाकर उतारा है। इनके नाम दूसरी सूची में शामिल थे। दूसरी सूची में पार्टी ने 39 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की थी, जबकि तीसरी सूची में सिर्फ एक नाम मोनिका भट्टी का था। आदिवासी नेता मोनिका ने कुछ समय पहले ही भाजपा का दामन थामा है।
ये सब पूछा गया
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चर्चा की। इन प्रत्याशियों से विधानसभा में नाम घोषित होने के बाद अब तक मिला रिस्पांस पूछा गया। आचार संहिता लगने से पहले इस मीटिंग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नाम घोषित होने के बाद पहली बार यह फीडबैक सेशन रखा गया है। इसमें विधानसभा सीट पर अधिकारियों को बदलने तक की बात भी सामने आई। साथ ही चुनाव खर्चे, मीडिया, विरोधियों, नाराज, बागी नेताओं पर भी चर्चा की गई।
तीसरी सूची से हुई हैरानी
आपको बता दें, भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक 79 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम सामने कर दिए हैं। अब तक भाजपा ने तीन सूची जारी की हैं। पहली सूची में 39 नाम घोषित किये थे। इसके बाद आई दूसरी सूची में भी 39 नाम ही घोषित किया गए थे। इसके बाद ये अनुमान लगाया जा रहा था कि भाजपा का 39 का आंकड़ा है। तीसरी सूची में भी इतने ही नाम होंगे लेकिन जब तीसरी सूची आई तो इसमें सिर्फ एक नाम ही घोषित किया गया।
रणनीति पर हुई चर्चा
सीधी से प्रत्याशी सांसद रीति पाठक ने बैठक से निकलने के बाद बताया कि बैठक में सीएम शिवराज प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत वरिष्ठ नेताओं ने जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया से लेकर जमीनी जमावट और संगठन को लेकर रणनीति बनाई गई है। सभी ने मिलकर भोजन किया और सार्थक चर्चा हुई।