भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गौर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे मतदाताओं से कहते हुए नजर आ रही हैं कि अगर कांग्रेस की सरकार आ गई तो वे नवरात्रि, करवाचौथ और दिवाली जैसे सभी त्योहार नहीं मना पाएंगे। कांग्रेस सनातन विरोधी है और सनातन को खत्म करना चाहती है।
भाजपा प्रत्याशी व पूर्व महापौर कृष्णा गौर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गौर का ये वीडियो गोविंदपुरा क्षेत्र में रात्रिकालीन चुनाव प्रचार के दौरान का बताया जा रहा है। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। गौर का यह वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस इस पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा उम्मीदवार जीतने के लिए झूठ का सहारा ले रहे मतदाताओं में भ्रम फैला रहे हैं उन्हें धर्म के नाम पर डराने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस इसकी शिकायत चुनाव आयोग में भी करेगी।
इनके बीच है मुकाबला
भोपाल की सात विधानसभा सीटों में से एक गोविंदपुरा विधानसभा सीट भाजपा की सबसे सुरक्षित सीटों में गिनी जाती है। यहां पर वर्तमान में कृष्णा गौर ही विधायक हैं, इनके पहले पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर यहां से कई बार विधायक चुने गए थे। कांग्रेस ने इस बार चुनाव में यहां से रविंद्र साहू झूमर वाला को अपना उम्मीदवार बनाया है।