मध्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश के उद्योगपतियों से मुलाकात की। विजयवाड़ा में उन्होंने टेक्सटाइल, खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग, पर्यटन, अधोसंरचना और नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के निवेशकों से चर्चा कर भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस)-2027 में शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की औद्योगिक नीतियों और निवेश की संभावनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है।
ये भी पढ़ें-
एमपी में पर्यावरण विभाग में घमासान! सिया अध्यक्ष ने एसीएस और सदस्य सचिव को निलंबित करने की मांग की
धार के पीएम मित्र पार्क में निवेश का न्योता
टेक्सटाइल क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने मोहन स्पिनटेक्स इंडिया और अनंत लक्ष्मी स्पिनिंग मिल्स के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने धार के पीएम मित्र पार्क और कपास उत्पादक क्षेत्रों में इकाइयां स्थापित करने का आमंत्रण दिया। चर्चा में सूत कताई, कपड़ा बुनाई और प्रसंस्करण इकाइयों की संभावनाओं पर विचार हुआ। कृषि क्षेत्र में जैव उर्वरक और लॉजिस्टिक्स में निवेश पर भी चर्चा की गई। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में तेनाली डबल हॉर्स के साथ दलहन उत्पादक क्षेत्रों में दाल मिल लगाने और कॉन्टिनेंटल कॉफी के साथ कॉफी ब्लेंडिंग, पैकेजिंग और वितरण केंद्र विकसित करने की संभावनाएं तलाशीं गईं। इंजीनियरिंग क्षेत्र में कलपुर्जे, मशीनिंग और सर्विस सेंटर स्थापित करने पर भी बातचीत हुई।
ये भी पढ़ें-
एमपी: दीपावली से पहले चंबल में होगा औद्योगिक सम्मेलन, एक्सप्रेस-वे के आसपास नए औद्योगिक क्षेत्र की तैयारी
सिंहस्थ के लिए होटल और पर्यटन क्षेत्र पर फोकस
मुख्यमंत्री ने फॉर्च्यून मुरली ग्रुप के साथ उज्जैन, इंदौर और ओंकारेश्वर में होटल और पर्यटन सुविधाओं के विकास पर चर्चा की। वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर जोर दिया गया। सौर ऊर्जा और अधोसंरचना क्षेत्र में ऋत्विक प्रोजेक्ट्स, बोंडाडा ग्रुप और नवयुग इंजीनियरिंग कंपनी के प्रतिनिधियों से भी चर्चा हुई। इसमें सिंचाई, रेलवे, सौर ऊर्जा, बैटरी भंडारण और बड़े निर्माण प्रोजेक्ट में निवेश के अवसर शामिल रहे।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मुरैना में सीएम यादव ने दिए निर्देश
निवेशक सम्मेलन में उद्योगपतियों को बुलाया
मुख्यमंत्री ने दुबई और मिडिल ईस्ट के प्रतिनिधियों से खाड़ी देशों के निवेशकों तथा प्रवासी भारतीयों को मध्यप्रदेश से जोड़ने पर बातचीत की। आंध्र प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष को भी उद्योग प्रतिनिधिमंडल के साथ समिट में शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 की ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए थे और उनके अनुसार, लगभग एक तिहाई प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने जबलपुर-इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर और ग्वालियर की टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग इकाई का भी उल्लेख किया। विजयवाड़ा में मुख्यमंत्री की अभिनेता विजय देवरकोंडा, अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से भी मुलाकात हुई।
अमरावती की शहरी विकास परियोजनाओं को समझेंगे मध्यप्रदेश के अधिकारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुनियोजित शहरीकरण, आधुनिक बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के तरीकों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने अमरावती में विकसित की जा रही डिजिटल, स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल एकीकृत टाउनशिप परियोजना की विशेषताओं को भी जाना। उन्होंने मध्यप्रदेश में इंदौर-उज्जैन और भोपाल मेट्रोपॉलिटन परियोजनाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। साथ ही जबलपुर और ग्वालियर में भविष्य की शहरी विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया। बैठक में आधुनिक शहरों के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नियोजित शहरीकरण से जुड़े पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ।