मध्य प्रदेश में टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार अब देश के प्रमुख तकनीकी केंद्र बंगलुरु के निवेशकों से सीधे संवाद करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को बंगलुरु में टेलीकॉम उद्योग के प्रमुख निवेशकों के साथ इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में शामिल होंगे। बैठक में ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। ताज बंगलुरु में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री निवेशकों को ग्वालियर टीएमजेड में उपलब्ध सुविधाओं, निवेश के अवसरों और राज्य की औद्योगिक नीतियों की जानकारी देंगे। टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण के साथ रिसर्च, नवाचार और इससे जुड़े उद्योगों के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।