लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ के नारे के साथ भाजपा बुधवार को भोपाल में बड़ी पदयात्रा निकालने जा रही है। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल शामिल होंगे। पार्टी ने इस आयोजन के जरिए राजधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी की है। पदयात्रा में करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। पदयात्रा सुबह 10 बजे टीटी नगर स्थित अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा से शुरू होगी और रोशनपुरा तक पहुंचेगी। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों और खेल संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
ये भी पढ़ें-
कैबिनेट: विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च होंगे 23,300 करोड़ रुपये से ज्यादा, जंगलों से लेकर सिंचाई तक बजट मंजूर
समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी पर जोर
भाजपा इस पदयात्रा में समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने में जुटी है। आयोजन में महिलाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों को भी शामिल करने की तैयारी है। पार्टी कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध का संदेश लेकर पदयात्रा में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी के चलते इस पदयात्रा को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा राजधानी से प्रदेशभर में राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है।
ये भी पढ़ें-
MP: नए DSP को CM मोहन यादव की नसीहत- रील से ज्यादा रियल प्रॉब्लम सॉल्व करें, 2029 तक ड्रग्स का सफाया करें
एसआईआर और चुनाव आयोग के मुद्दे पर कांग्रेस को जवाब देने की तैयारी
भाजपा इस अभियान के जरिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है। इससे पहले इंदौर और जबलपुर में भी इसी अभियान के तहत पदयात्राएं निकाली जा चुकी हैं।