मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर निशाना साधा। एक दिन पूर्व शिवराज द्वारा राज्य में निवेशकों को आकर्षित करने के बाद कमलनाथ ने कहा कि उद्योग तभी पैसा लगाते हैं, जब विश्वास का वातावरण हो। भाजपा राज में इसका अभाव है। इससे पहले सीएम शिवराज ने शनिवार को एक कार्यक्रम में निवेशकों को रिझाते हुए कहा था हम हृदय प्रदेश ही नहीं, बल्कि दिल वाले लोग हैं, आइये यहां निवेश कीजिए।
कमलनाथ ने यह भी दावा किया कि गत वर्ष मार्च तक उनके नेतृत्व में 15 माह चली कांग्रेस सरकार के दौरान मध्यप्रदेश की छवि सुधारने का प्रयास किया गया था और विश्वास का वातावरण तैयार किया गया था। लेकिन शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे नष्ट कर दिया।
पूर्व सीएम व वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा, 'शिवराज जी, यह सच है कि मप्र देश का दिल है, लेकिन यह हकीकत समझ लीजिए कि निवेश भरोसे से आता है और आपकी सरकार ने यह कभी नहीं जीता। आपके राज में माफिया, मिलावटखोरों, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी इसकी पहचान बन गए हैं। महिलाओं के प्रति अपराध में यह शीर्ष पर पहुंच गया है।' कमलनाथ ने कहा कि लाखों, करोड़ों रुपये इंवेस्टर्स मीट पर खर्च करने और निवेश आकर्षित करने के दावे के बाद भी सभी निवेश के मोर्चे पर राज्य की हकीकत जानते हैं।
शिवराज ने 'होरासिस इंडिया मीटिंग' को संबोधित किया
कमलनाथ का उक्त ट्वीट मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शनिवार को दिल्ली में आयोजित होरासिस इंडिया मीटिंग-2021 के दौरान 'मध्यप्रदेश इंडियाज इमर्जिंग इकोनॉमिक टाइगर' सत्र के दौरान संबोधित करने के बाद आया। राज्य शासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार सीएम चौहान ने इसमें मप्र को देश का निवेश की दृष्टि से आदर्श राज्य बनाने की योजना पेश की।
हम दिल वाले लोग हैं : शिवराज
शिवराज ने अपने भाषण में कहा 'हम न केवल भारत का दिल हैं, बल्कि हम दिल वाले लोग हैं। हमारे पास कई नायाब चीजें हैं, जैसे 30 फीसदी राय वनों से आच्छादित है। खनिजों का भंडार है। एशिया का सबसे बड़ा बांध है। 8.5 करोड़ की आबादी और कुशल कार्यशक्ति पर पूरा ध्यान है। मैं जानता हूं कि मप्र के विकास की रीढ़ निवेश है, इसलिए हम इस पर फोकस कर रहे हैं। हम प्रदेश में निवेश के लिए आपको आमंत्रित करते हैं और उम्मीद करते हैं कि इससे आपको लाभ होगा और भारत को आत्मनिर्भर बनाने का सपना पूरा करने में मदद करेंगे। मैं वादा करता हूं कि आप निराश नहीं होंगे।'