भोपाल में जला आशीर्वाद का दीया
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भोपाल में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। नरेला विधानसभा क्षेत्र में सवा लाख दीये जलाए गए, जबकि मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के निवास पर 25 फीट ऊंचे दीप स्तंभ के साथ 9,125 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में शौर्य स्मारक स्थल पर शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया।
ये भी पढ़ें-
रीवा में प्रसूता की मौत के बाद बड़ा एक्शन: डॉक्टर बर्खास्त, औषधि निरीक्षक निलंबित; ब्लड सेंटर पर FIR के आदेश
नरेला में सवा लाख दीये, मंत्री सारंग के निवास पर 9125 दीप
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने निवास पर 25 फीट ऊंचे दीप स्तंभ में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। यहां 9,125 दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। मंत्री सारंग ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 फीट ऊंचा दीप स्तंभ तैयार किया गया। वहीं, 25 वर्षों में सेवा के 9,125 दिनों के प्रतीक के तौर पर 9,125 दीप जलाए गए। पूरे नरेला विधानसभा क्षेत्र में सवा लाख दीये जलाए गए। मंदिरों, चौराहों, गली-मोहल्लों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित किए। मंत्री निवास पर प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।
ये भी पढ़ें-
MP: प्रदेश में जनधन के कुल 4.76 करोड़ खाते, 1.82 करोड़ खाते निष्क्रिय या खाली; औसतन जमा 4,182 रुपये
रक्तदान से दिया सेवा का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत नरेला विधानसभा के ऐशबाग में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से नरेला के नागरिकों ने अपनी भावनाओं को दीपों के प्रकाश के रूप में व्यक्त किया और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना को साकार किया।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: सहकारी समिति का मैनेजर या बसों का मालिक? EOW छापे में 5 स्लीपर बसें, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
शौर्य स्मारक पर सांसद अग्रवाल ने जलाया दीप
राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में भोपाल के शौर्य स्मारक स्थल पर शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया। इससे पहले सांसद ने अपने निवास पर भी दीप प्रज्ज्वलित किया। अग्रवाल ने कहा कि शौर्य स्मारक जैसे बलिदानियों के पुण्य स्मरण के स्थल से मां भगवती से प्रार्थना की गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शक्ति और सामर्थ्य मिलता रहे, ताकि वे भारतवासियों की सेवा और सुरक्षा करते रहें। उन्होंने कहा कि मोदी का जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ के लिए समर्पित है और जनसेवा से राष्ट्रसेवा ही उनका उद्देश्य रहा है। शौर्य स्मारक कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अश्वनी राय, राजकुमार विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य आरके सिंह बघेल समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।