स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश की जनता को भविष्य का रोडमैप दिखाया। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण के बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। इसके बाद जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में दो हजार किलोमीटर की नई सड़कें बनाई जाएंगी। 1.22 करोड़ लोगों के घर तक पानी पहुंचाया जाएगा, तो प्रदेश में ही दो हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।
इतना ही नहीं सीएम ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महिलाओं को भी तोहफा दिया। उन्होंने कहा कि महिला के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदने पर रजिस्ट्रेशन शुल्क एक प्रतिशत ही लगेगा। जबकि, सामान्य तौर पर यह तीन प्रतिशत है। बेटी के जन्म से ही उसके खाते में दो हजार रुपये जमा होने के अलावा उन्होंने एक लाख लोगों को रोजगार देने व बिजनेस के लिए लोन लेने पर सरकार की ओर से बैंक गांरटी देने की भी घोषणा की।
दिसंबर तक पूरा करेंगे टीकाकरण
सीएम ने कहा कि प्रदेश में 3 करोड़ 75 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान में तेजी लाकर दिसंबर तक इसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पुलिसिंग को बेहतर करने के लिए आधुनिक हथियार दिए जा रहे हैं। पुलिस अभियान चलाकर माफियाओं के दिमाग ठिकाने लगा रही है।