भोपाल में विवाद के बाद दंपति ने लगाई फांसी
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
शराब की लत और घरेलू विवाद से जूझ रहे एक परिवार का दुखद अंत हो गया। राजधानी के ईटखेड़ी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में बीती रात पति-पत्नी ने एक ही कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह दोनों बच्चों ने माता-पिता को फंदे पर लटका देखा तो घबरा गए। वे मदद के लिए ननिहाल पहुंचे, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस तक पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति की शराब पीने की आदत को लेकर दंपति के बीच पिछले पांच दिनों से विवाद चल रहा था।
ये भी पढ़ें-
दमोह: मवेशी चोरी के शक में 3 युवकों से बर्बर मारपीट, रस्सी से बांधकर पीटा, घायलों में दो को जबलपुर रेफर किया
कमाई का पैसा शराब में खर्च करने पर विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुरेंद्र सिलावट (35), पिता गरीबदास सिलावट और उनकी पत्नी मोना सिलावट (34) के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 15 और 13 वर्ष बताई गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पीने में खर्च कर देता था। परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए मोना को भी मजदूरी करनी पड़ रही थी। आरोप है कि सुरेंद्र पत्नी की कमाई से भी शराब खरीदने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी और विवाद कई बार मारपीट तक पहुंच जाता था।
पांच दिन से चल रहा था विवाद
परिजनों के मुताबिक, शराब को लेकर पति-पत्नी के बीच पिछले पांच दिनों से लगातार तनाव बना हुआ था। मायके पक्ष के लोगों ने भी सुरेंद्र को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन पारिवारिक विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। माता-पिता को फंदे पर लटका देखकर वे घबरा गए और पास में ही स्थित अपने ननिहाल पहुंचकर परिजनों से मदद मांगी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। ईटखेड़ी पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में शराब की लत और पारिवारिक कलह की बात सामने आई है, हालांकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।