प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को भोपाल स्तिथ मुख्य कार्यालय में विधानसभा चुनाव में हारे हुए अपने सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक की। इसमें सभी 164 सीटों पर मिली हार पर मंथन किया गया। इसमें हारे हुए प्रत्याशियों ने भीतरघात का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने बागियों पर भी जमकर अपनी भड़ास निकाली।
हमारे साथ भीतर घात किया गया
मुंगावली से कांग्रेस के प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे साथ भीतर घात किया गया है। हमारे लोगों ने गद्दारी की है। पार्टी में कई आस्तीन के सांप हैं, जो व्यक्ति कांग्रेस में रहकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहा है वह कांग्रेस का है ही नहीं। उसे पार्टी से बाहर कर देना चाहिए।
कई लोगों ने गद्दारी की
इसके साथ ही एक अन्य प्रत्याशी ने कहा कि कई गद्दार लोग हैं उन्होंने गद्दारी की है। ऐसे लोगों के नाम पीसीसी चीफ को सौपें जाना चाहिए। ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ये लोकसभा चुनाव में भी पार्टी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। साथ ही कई अन्य प्रत्याशियों ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा।
प्रशासन का दुरुपयोग किया गया
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव में खुलकर सत्ता का दुरुपयोग किया है। पुलिस, पैसा, प्रशासन का दुरुपयोग किया गया है।चुनाव में इतना पैसा बांटा गया जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने लोकसभा चुनाव के लिए सभी से एक जुट होने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि जो गलतियां विधान सभा चुनाव में हुईं उनसे सबक लेते हुए हम आगे बढ़ना है और लोकसभा में अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करनी हैं।