मध्य प्रदेश में बच्चियों और महिलाओं से दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरती नजर आ रही है। कांग्रेस नेता आंदोलन कर रहे हैं। अब राजधानी भोपाल में मंगलवार को बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस नेता उपवास कर रहे है। सुबह 11 बजे से कांग्रेस नेताओं का उपवास शुरू हो गया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कांग्रेस नेताओं को ब्लॉक स्तर पर उपवास करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस वालों की बच्चियां सुरक्षित नहीं तो कौन बचेगा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर कांग्रेस जिला कार्यालय के सामने 25 घंटे का उपवास कर रहे हैं। शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में पुलिस वाले की बच्ची, मिलिट्री वालों की सहयोगी जब ये नहीं बच सकते, तो कौन बचेगा। कुल मिलाकर ये बहुत सीरियस मामला है। ड्रग्स की फैक्ट्रियां भोपाल में पकड़ रही हैं। इन सभी मामलों में सरकार को बहुत ठोस कदम उठाना पड़ेगा, तभी कुछ हो सकता है। शर्मा ने कहा कि इन घटनाओं पर रोक न लग पाने की एक वजह यह भी है कि हमारे जो डीजीपी सुधीर सक्सेना हैं, उनके कुछ महीने बचे हैं। वे कानून व्यवस्था में ज्यादा रुचि नहीं ले रहे हैं। मुख्यमंत्री के पास इतना लोड है कि जितना उनको समय ग्रह मंत्रालय को देना चाहिए, वे नहीं दे रहे हैं। मुझे लगता है कहीं न कहीं, डॉ. मोहन यादव से बीजेपी में सीनियर लोग मिलकर उनको अस्थिर करने का प्रयास कर
रहे हैं।
आरोपियों को फांसी की मांग
कांग्रेस की मांग है कि दोषियों को फांसी दी जाए और कोई कठोरतम सजा हो तो उसका भी प्रावधान करें। यह सारी चीजें वायरल हो ताकि अपराधियों में भय का माहौल बनसके। इस दौरान पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह भी मौजूद रहे। कांग्रेस के अन्य नेता भी इस आंदोलन में शामिल हुए हैं।
दुर्गा ऐप बनाया जाए
पीसी शर्मा ने कहा कि जब वे आईटी मंत्री थे, तब अमेरिका में अंबर नाम की बच्ची का किडनैप हुआ था। रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। बच्ची की खोज के लिए अमेरिका में अंबर अलर्ट नाम से ही ऐप बनाया गया था। ऐसा ही ऐप हम दुर्गा अलर्ट नाम से बना सकते हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखा है