राजधानी भोपाल के आरकेडीएफ नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश शुल्क के नाम पर जालसाज ने एक छात्र से करीब सवा लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने फरियादी छात्र की शिकायत पर जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया।
भोपाल पुलिस के साइबर क्राइम विंग के उप निरीक्षक शिवराज सिंह के अनुसार धोखाधड़ी का शिकार पीड़ित आफताब मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित हरवंश कॉलोनी में रहता है। उसने आरकेडीएफ नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन दिया था। इस दौरान उसकी जान-पहचान नर्मदापुरम निवासी बलराम शाह से हुई थी। बलराम ने आफताब को बताया था कि वह नर्सिंग कॉलेज में बतौर कर्मचारी काम करता है। इस पर छात्र ने उसे प्रवेश के वक्त जमा होने वाले कॉलेज फीस जमा करने की बात कही, तो बलराम ने उसे फीस जमा करने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद 23 सितंबर 2022 को फरियादी आफताब ने बलराम शाह से बात की और फीस जमा करने को कहा। जालसाज ने कहा कि मेरे खाते में रुपये भेज दो, मैं ऑनलाइन फीस जमा करा दूंगा। जालसाज के झांसे में आए छात्र ने बलराम शाह के खाते में 1 लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर कॉलेज में जमा करने को दिए थे। लेकिन, बलराम ने फीस जमा नहीं की। छात्र ने जब उससे फीस जमा करने को कहा तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद आरोपी ने अपने दोनों मोबाइल नंबर बंद कर लिए। तंग आकर छात्र ने सायबर सेल में लिखित शिकायत की थी। इसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी बलराम शाह के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।