बच्चों के बैग का वजन करते कांग्रेस नेता
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के निजी स्कूलों में बच्चों को निर्धारित मापदंड से अधिक वजन के बैग ले जाने को मजबूर किया जा रहा है। यह आरोप मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मंगलवार को लगाया है। दअरसल कांग्रेस नेताओं ने एक निजी स्कूल पहुंचकर बच्चों के बैग का वजन चेक किया। उन्होंने तौल कांटे पर बैग रखकर देखा। जिसमें पाया कि बच्चों के बैग निर्धारित मापदंडों से अधिक है। एमपी कांग्रेस के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी, अभिनव बरोलिया, कुंदन पंजाबी और विक्रम चौधरी ने आरोप लगाया कि 16 जून से प्रदेश में स्कूल बैग के वजन को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किया जाने वाला जागरूकता अभियान एक माह बीत जाने के बाद भी केवल कागजों और आदेशों में ही चल रहा है।
जमीनी हकीकत में इस पर कोई अमल नहीं
विवेक त्रिपाठी ने कहा कि जमीनी हकीकत में इस पर कोई अमल नहीं हो रहा है। शिक्षा माफियाओं ने कमीशन के लालच में न सिर्फ निजी स्कूलों को, बल्कि शासकीय स्कूलों, जिनमें सीएम राइज स्कूल भी शामिल हैं, को निशाना बनाया हुआ है।
बच्चों के नाजुक कंधों पर अत्यधिक वजन
विवेक त्रिपाठी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर शासकीय पीएमश्री स्कूल और निजी स्कूल के छात्र भी शासन के निर्धारित मापदंडों से कई गुना अधिक वजन के स्कूल बैग ढोने को मजबूर हैं। छोटे बच्चों के नाजुक कंधों पर अत्यधिक वजन लादने की वजह से कई बच्चे पढ़ाई और खेलकूद की उम्र में ही डॉक्टर और अस्पताल के चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार, प्रशासन और बाल आयोग पर इस गंभीर विषय पर 'मूक दर्शक' बने रहने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें-प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक ही सीमित नहीं, गंभीर बीमारियों में भी आशा की किरण
छात्रों के जीवन और स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़
विवेक त्रिपाठी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि शिक्षा माफिया अनावश्यक किताबों की खरीद में कमीशनखोरी के लालच में छात्रों के जीवन और स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शासकीय स्कूलों में मुफ्त मिलने वाली किताबों के वितरण में भी नियमों का उल्लंघन चिंताजनक है।
स्कूल बैग का वजन तय
मध्यप्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अब छात्रों के स्कूल बैग का वजन निर्धारित सीमा में रखना अनिवार्य होगा। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है, जो स्कूल बैग पॉलिसी 2020 के दिशा-निर्देशों के अनुसार है।
यह भी पढ़ें-MP के कॉलेज में 15 मई से शुरू हुआ प्रवेश, अभी भी 3 लाख से ज्यादा सीटें खाली,अब सीएलसी राउंड से उम्मीद
कक्षा अनुसार बैग का वजन
कक्षा वजन सीमा (KG)
पहली 1.5 – 2.2
दूसरी 1.6 – 2.2
तीसरी 1.7 – 2.5
चौथी 1.7 – 2.5
पांचवीं 1.7 – 2.5
छठवीं 2.0 – 3.0
सातवीं 2.0 – 3.0
आठवीं 2.5 – 4.0
नवमीं 2.5 – 4.5
दसवीं 2.5 – 4.5