मंत्री के बंगले में पहुंचे कांग्रेसी
- फोटो : अमर उजाला
परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा और आयकर विभाग द्वारा इंदौर, ग्वालियर और भोपाल सहित अन्य दर्जनों ठिकानों पर की गई छापेमारी मामले में मंत्री गोविंद राजपूत की बर्खास्तगी एवं सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने नेतृत्व मे राजधानी भोपाल के मंत्री गोंविद राजपूत के बंगले तक पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसीपी को सौंपा गया।
अहिरवार ने बताया कि परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के यहां विगत 19 दिसंबर 2024 को लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान अकूत संपत्ति मिली है। लोकायुक्त छापे के बाद आयकर विभाग द्वारा सौरभ शर्मा के विरुद्ध की गई जांच में भी नए खुलासे हुए। अहिरवार ने दावा किया कि सौरभ शर्मा की डायरी में अनेक लोगों के नाम मिले, जिसमें पूर्व परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत के सौरभ शर्मा से करीबी संबंध उजागर हुए हैं। राजधानी भोपाल से सटे मेंडोरी गांव के एक फार्म हाउस में एक इनोवा गाड़ी में करीब 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपये की नगद राशि पकड़ी गई। भारी मात्रा में सोना व बड़ी मात्रा में नगदी मिलना एक बड़ी सांठगांठ की ओर इंगित करता है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका
अहिरवार ने कहा कि इन दोनों मामलों में सामने आ रही स्थितियों में लोकायुक्त और आयकर विभाग के कमिश्नर और अधिनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका प्रतीत होती है। लोकायुक्त और आयकर की जांच के बाद ईडी की जांच प्रारंभ होने पर और भी बड़े-बड़े खुलासे सामने आ रहे हैं। सौरभ शर्मा भ्रष्टाचार कांड में हजारों करोड़ रुपयो का भ्रष्टाचार सामने आया है। प्रदेश की भाजपा सरकार में जहां एक ओर भूमाफिया, शिक्षा माफिया, खनिज माफिया संरक्षित हो रहे थे अब सोना-चांदी माफिया भी उभरकर सामने आ गए हैं। जिससे प्रदेश शर्मसार हुआ है।
मंत्री और शर्मा की कॉल डिटेल करें उजागर
अहिरवार ने मांग की कि तत्कालीन परिवहन एवं वर्तमान खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। साथ ही मंत्री गोविंद राजपूत और सौरभ शर्मा की कॉल डिटेल, डायरी एवं दोनों के निवास के सीसीटीवी कैमरों की डिटेल उजागर की जाए। डायरी में मिली जानकारी और उसमें संलिप्त लोगों के नामों, अकूत चल-अचल संपत्ति का खुलासा कर उसे उजागर किया जाए।