भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित राजदेव कॉलोनी में प्लॉट को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, रविवार रात भर इस प्लॉट पर दीवार बनाने का काम जारी रहा, जो सोमवार को भी चल रहा है। माना जा रहा है कि दीवार बनाने का काम मंगलवार शाम तक पूरा हो जाएगा। फिलहाल, शहर के अधिकतर इलाकों में धारा 144 लागू है, लेकिन तीन थाना क्षेत्रों हनुमानगंज, गौतम नगर और टीला जमालपुर से कर्फ्यू हटा दिया गया है। यहां लोगों को आने-जाने से तो नहीं रोका जा रहा, लेकिन वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध बरकरार है।
कई इलाकों में नहीं खुलीं दुकानें
जानकारी के मुताबिक, शहर में हुए तनाव का असर सोमवार को भी नजर आया। इस दौरान कर्फ्यू हटने के बाद भी रेलवे स्टेशन से लेकर हमीदिया रोड, नादरा बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज, छोला मंदिरा रोड और सिंधी कॉलोनी समेत कुछ इलाकों में दुकानें नहीं खुलीं। अब सिर्फ हनुमानगंज, टीला जमालपुरा और गौतम नगर थाना क्षेत्र में ही धारा 144 लागू है।
दो दिन रहेगी सख्ती
जानकारी के मुताबिक, शहर में हालात पर काबू रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि अगले दो दिन शहर के कई इलाकों में सख्ती जारी रहेगी। इनमें कबाड़खाना के आसपास के इलाकों पर खासतौर से नजर रखी जाएगी।
इस वजह से हुआ था विवाद
बता दें कि हनुमानगंज थाना क्षेत्र के कबाड़खाना में 30 हजार वर्गफीट जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कलेक्टर अविनाश लवानिया के आदेश पर रविवार सुबह 9 बजे से कर्फ्यू लगा दिया गया। हालात पर काबू पाने के लिए 4 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए थे। गौरतलब है कि विवाद का असर शहर के 15 से अधिक थाना क्षेत्रों शाजहांनाबाद, मंगलवारा, हनुमानगंज, निशातपुरा, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, तलैया, कोतवाली, गौतम नगर, टीलाजमालपुरा और छोला मंदिर आदि में नजर आया।