राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में रहने वाले बैंक के एक रिटायर्ड अधिकारी को एक जालसाज ने बैंक का अधिकारी बनकर ही ठग लिया। चूंकि फरियादी बैंक के अधिकारी रहे हैं, उन्होंने भरोसा कर लिया। जालसाज ने केवायसी के नाम पर ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) पूछा और 25 हजार रुपये उनके खाते से निकाल लिए।
कोलार पुलिस के अनुसार 77 वर्षीय पूथ्वीराज पिता किशनलाल वर्मा पैलेस आर्चेड नार्थ फेस-3 में परिवार के साथ रहते हैं और बैंक के रिटायर्ड अधिकारी हैं। उन्होंने साइबर सेल में की गई शिकायत में बताया कि इस वर्ष 27 जनवरी एक जालसाज ने उन्हें फोन किया और कहा कि वह बैंक अधिकारी बोल रहा है। आपका केवायसी अपडेट करना है।
ओटीपी मांगकर निकाले रुपए
सीनियर सिटीजन के फोन पर डिटेल देने पर केवायसी की सुविधा बैंक द्वारा देने का हवाला देकर जालसाज ने पहले जानकारी ली। इसी बीच फरियादी के मोबाइल में एक ओटीपी आया। जालसाज ने कहा कि जानकारी वेरीफिकेशन के लिए आपके मोबाइल में जो ओटीपी आया है, उसे बता दीजिए। फरियादी ने जैसे ही ओटीपी बताया, उनके खाते में 24 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आ गया। इसके बाद उन्होंने भोपाल क्राइम ब्रांच की सायबर सेल में लिखित शिकायत की। साइबर सेल ने जांच के बाद मामला दो लाख से कम का होने के कारण कायमी के लिए कोलार थाने को भेजा था। कोलार पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।