पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा
- फोटो : ani
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ बृहस्पतिवार को भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोविड गाइडलाइंस का उल्लंघन करते हुए प्रदर्शन किया। इसे लेकर भोपाल पुलिस ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा समेत 30 लोगों के खिलाफ भादंवि की धारा 188 और 145 के तहत केस दर्ज किया है।
भोपाल के एएसपी अंकित जायसवाल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भोपाल की टीटी नगर पुलिस ने यह केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है प्रदर्शनकारियों ने कोविड गाइडलाइंस का उल्लंघन किया है। इसलिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वीडियोग्राफी के जरिए नियम तोड़ने वालों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी महंगाई को लेकर प्रदर्शन कर किया था। प्रदर्शन में युकां प्रदेशाध्यक्ष विक्रांत भूरिया समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। इसमें भी कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ। इस मामले में नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।