काले हिरण का अंतिम संस्कार करती वन विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल से करीब 40 किलोमीटर दूर बरखेड़ा सालम गांव में एक काले हिरण को गोली मार कर शिकार करने का मामला सामने आया है। एक खेत में हिरण का शव पड़ा मिला है। शव 15 से 20 घंटे पुराना है होने की बात कही जा रही है। वन विभाग का कहना है कि हिरण के शरीर पर गोली जैसा घाव है। आशंका है कि काले हिरण काेे गोली मारी गई है। शिकार संभवत: रात में हुआ है, लेकिन शिकारी शव नहीं ले जा सके। मंगलवार को वन विभाग के अधिकारियों ने भोपाल में हिरण के शव का पोस्टमार्टम करवाया है। 3 दिन में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आएगी। वन विभाग की टीम ने हिरण का अंतिम संस्कार कर दिया है।
डॉक्टर ने कहा गोली लगने से हुई मौत
वन विभाग के अधिकाारियों ने बताया कि 22 अक्टूबर मंगलवार को समय प्रातः 9.45 बजे बरखेड़ा निवासी सालम वीरसिंह मेवाडा द्वारा सूचना दी गई की ग्राम बरखेड़ा सालम में उनके पड़ोसी कृषक की निजी भूमि में एक ब्लैक बक मृत पड़ा हुआ है। जिसके बाद रेस्क्यू क्रैक टीम मौके पर पहुंची तो देखा की मृत ब्लैक बक जिसकी उम्र लगभग 5 वर्ष है के शरीर के आरपार घाव का निशान है। टीम ने मृत ब्लैक बक का पशु चिकित्सालय जांहगीराबाद भोपाल में पोस्टमार्टम डॉ संगीता धनिजा द्वारा काराय गया। डॉ. संगीता ने बताया कि घाव गोली लगने का है शिकार की घटना को दृष्टिगत रखते हुए अज्ञात में वन अपराध प्रकरण क्र 22861/13 दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।,मृत ब्लैक बक के शरीर का केरवा चौकी के पास वनमंडल अधिकारी भोपाल लोकप्रिय भारती, उप वनमंडल अधिकारी भोपाल धीरज चौहान , वन परिक्षेत्र अधिकारी समर्धा शिवपाल पिपरदे समेत वन दल की उपस्थिति में सायं 5.15 बजे दाह संस्कार किया गया।
वयस्क था हिरण, रात में शिकार की संभावना
डॉ. धमीजा ने बताया कि बरखेड़ा सालम से वन विभाग की टीम काले हिरण का शव लेकर आई थी। दो डॉक्टरों की पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया है। रिपोर्ट वन विभाग को दे देंगे। शव 15 से 20 घंटे पुराना है। वह वयस्क था। काले हिरण के गर्दन के पास गहरा घाव था। इसके अलावा शरीर में कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं। काले हिरण के शिकार के सवाल पर वन विभाग के जिम्मेदार बचते हुए नजर आ रहे हैं। एसडीओ धीरज सिंह चौहान ने बताया कि काले हिरण की मौत हुई है। टीम शव लेकर अस्पताल में गई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद बताता हूं।