भोपाल के शाहजहांनाबाद स्थित लाल मस्जिद रोड पर आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। घर में घुसकर कुत्ते ने आठ वर्षीय इब्राहिम का चेहरा नोच लिया। पांच दिनों में 15 लोगों को काटने का दावा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
राजधानी के शाहजहांनाबाद इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब घरों के भीतर भी बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। नूर महल की लाल मस्जिद रोड पर एक आवारा कुत्ते ने घर में घुसकर आठ वर्षीय इब्राहिम के चेहरे को चार जगह से बुरी तरह नोच लिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की हमीदिया अस्पताल में सर्जरी करनी पड़ी। वह पिछले पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती है। स्थानीय रहवासियों का दावा है कि इलाके में पांच दिनों के भीतर आवारा कुत्ते 15 से अधिक लोगों को काट चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
घर में घुसकर किया हमला, चेहरे पर हुए चार गंभीर घाव
नमाज के लिए निकलना भी मुश्किल, बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
विधायक, पार्षद और निगम अधिकारियों से शिकायत
रहवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आतिफ अकील, वार्ड पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से शिकायत कर आवारा कुत्तों को पकड़ने और लोगों को राहत दिलाने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
नसबंदी पर हर साल तीन करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च
नगर निगम सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल में अनुमानित सवा लाख स्ट्रीट डॉग्स हैं। नगर निगम इनकी नसबंदी पर हर साल तीन करोड़ रुपये से अधिक खर्च करता है। चालू वित्तीय वर्ष में इसके लिए 3.30 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। प्रति कुत्ते पर करीब 1,100 रुपये खर्च किए जाने के बावजूद आवारा कुत्तों की संख्या और हमलों की घटनाओं ने नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।