मृतक रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस जांच में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद फरार हुए मुख्य संदिग्ध केयरटेकर वरुण कुमार ने घर में आग लगाने की कोशिश की थी। उसने गैस सिलेंडर की पाइप काटकर उसे गर्म इलेक्ट्रिक आयरन के पास रख दिया और मौके से फरार हो गया।
हत्या के तीन दिन पहले ही नौकरी पर आया था
करीब 33 वर्षीय वरुण कुमार को 70 वर्षीय राकेश अग्रवाल की देखभाल के लिए एक एजेंसी के जरिए घटना से सिर्फ तीन दिन पहले ही काम पर रखा गया था। अग्रवाल मध्यप्रदेश कैडर के 1982 बैच के आईएएस अधिकारी थे और अपने कार्यकाल में जिला कलेक्टर तथा प्रमुख सचिव जैसे पदों पर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब 12 बजे जब अग्रवाल सो रहे थे, तब उन पर हमला किया गया। हालांकि घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं लेकिन फोरेंसिक टीम को जांच के दौरान गैस पाइप और इलेक्ट्रिक आयरन से आग लगाने की कोशिश के संकेत मिले हैं।
हत्या के बाद मोबाइल लेकर भागा
पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद आरोपी अग्रवाल का मोबाइल फोन लेकर फरार हुआ है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सिग्नल के जरिए पुलिस ने उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया। जांच में उसके मोटर साइकिल पर एक अन्य व्यक्ति के साथ जाने और फिर भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचने की जानकारी सामने आई है। वरुण को सुबह 4:12 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होते देखा गया। इसके बाद उसके सागर जिले के बीना रेलवे स्टेशन और ग्वालियर में भी दिखाई देने की जानकारी मिली है।
ये भी पढ़ें: करंट से अधिवक्ता की मौत: पांच दिन बाद भी रहस्य बरकरार, अभी तक जिम्मेदारी तय नहीं, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
गिरफ्तारी की खबरों का खंडन
टीटी नगर एसीपी अंकिता खटारकर ने वरुण की आगरा में गिरफ्तारी की खबरों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन से चार टीमें प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भेजी गई हैं। खासतौर पर रेलवे स्टेशनों पर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक वरुण कुमार मूल रूप से पंजाब के पटियाला जिले के नाभा का रहने वाला है।
घर में सीसीटीवी नहीं
राकेश अग्रवाल का सूरज नगर स्थित मकान करीब 7 से 8 हजार वर्गफीट में फैला हुआ है लेकिन घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। ऐसे में पुलिस आसपास की सड़कों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी के भागने का रास्ता पता करने की कोशिश कर रही है।
राकेश अग्रवाल के परिवार में उनकी पत्नी और अमेरिका में रहने वाला एक बेटा है। परिवार के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार बेटे के लौटने के बाद शनिवार को भोपाल में किया जाएगा।