भोपाल में बदमाशों से जब्त हथियार और कार
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में पेट्रोल पंप पर डकैती करने की योजना बना रहे 7 बदमाशों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास 4 पिस्टल, 7 राउंड, छुरी और कार जब्त की सभी बदमाश भोपाल के हिस्ट्री शीटर है।
भोपाल क्राइम ब्रांच को कुछ बदमाशों के गांधीनगर रिलायंस पेट्रोल पंप पर डकैती करने की योजना बनाने की मुखबिर से सूचना मिली। क्राइम ब्रांच ने सूचना पर टीम गठित की और बताए गए पते गांधीनगर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। इसके पीछे सुनसान जगह पर दो चार पहिया वाहन खड़े थे। उसके पास कुछ लोग धीमी आवाज में बात कर रहे थे। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की। आरोपियों ने अपने आप को घिरा देख कर भागने की कोशिश की। तभी टीम ने सभी को दबोच लिया। आरोपियों ने अपने नाम नितेश सोनोने, निरेश रजक, आरिफ खान, नसीम खां, अजीम शेख उर्फ अजीम उद्दीन, कुलदीप, आमिर माहबिया होना बताया। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में टूट गए और नितेश सानेने के कहने पर रिलायंस पेट्रोल पंप में डकैती डालने की बात कबूल की। आरोपियों के पास से दो कार भी बरामद हुई।
आरोपी नितेश की तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल दो जिंदा कारतूस, निरेश रजक के कब्जे से एक देशी पिस्टम दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन, आरोपी आरिफ खान के पास भी एक देशी पिस्टल जिंदा कारतूस, नसीम खां के कब्जे से देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस, अजीम शेख के कब्जे से एक लोहे की राड, एक पारदर्शी पन्नी के अदंर रखी कागज की पुड़िया में लाल मिर्च पावडर, कुलदीप के कब्जे से एक रस्सी, एक पारदर्शी पन्नी के अंदर रखी कागज की पुड़ियां में लाल मिर्च पावडर, एक टॉर्च और आरोपी आमिर माहबिया के पास से काले स्लेटी रंग का पिट्ठू बैग, जिसके अंदर दो रस्सियां, एक पारदर्शी पन्नी के अंदर रखी कागज की पुड़ियां में लाल मिर्च पाउडर, एक काले रंग की रेग्जीन के कवर के अंदर रखा धारधार छुरा रखा मिले।