बालाघाट पुलिस ने ठगी के शिकार लोगों को पैसे वापस दिलाए
- फोटो : अमर उजाला
बालाघाट पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के शिकार करीब 7 लोगों के पैसे वापस दिलाए हैं। मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी अपूर्व भलावी ने बताया कि बीते एक साल में उनके पास ऑनलाइन ठगी के करीब सात मामले आये थे, जिसमें करीब 5 लाख 61 हजार रुपये की ठगी हुई थी।
बालाघाट पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 3 लाख 61 हजार रुपये की राशि लोगों को वापस दिलाई है। लोगों से ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने से बचने के लिए सीएसपी ने अनजान लोगों को अपनी पर्सनल जानकारी, पिन शेयर न करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अनजान फोन कॉल पर लोग बहला फुसलाकर या इनाम का लालच देकर व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी मांगते हैं, तो सावधान हो जाएं और ऐसे नम्बरों की जानकारी सायबर सेल या पुलिस को दें। ठगी की वारदात का शिकार पढ़े-लिखे, समझदार लोग भी हो जाते हैं। इससे बचने के लिए सावधानी ही उपाय है।