मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद मीडिया से रू-ब-रू हुए कमलनाथ ने कहा था कि सरकार की ओर से केवल उन्हीं उद्योगों को अनुदान दिया जाएगा जिनसे मध्यप्रदेश के स्थानीय लोगों को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि बिहार और उत्तरप्रदेश के लोग रोजगार के लिए यहां आते हैं, जिस वजह स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिलता।
यूपी- बिहार के प्रवासियों पर दिए अपने बयान के बाद अब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। इस मुद्दे पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने ट्वीट करके निशाना साधा। उन्होनें इस बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस पर सत्ता में आते ही नफरत फैलाने का आरोप लगाया।
बिहार में भाजपा की सहयोगी जनता दल (यू) भी इसपर मुखर हो गई है। पार्टी ने कहा कि बिहार और यूपी में कांग्रेस का खस्ताहाल है, यही वजह है कि कांग्रेस यहां के लोगों से दुश्मनी निकाल रही है। यह सब राहुल गांधी के निशाने पर हो रहा है।
बिहार के नवादा से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस बयान पर कमलनाथ को आड़े हाथों लिया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि कांग्रेस विदेशियों की तोड़ों और राज करो की नीति पर चल रही है और यूपी-बिहार की जनता इनको मुंह तोड़ जवाब देगी। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की भी मांग की है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तप्रदेश के लोगों को किसी के आगे हाथ फैलाने की जरुरत नहीं है।