अनूपपुर जिले के जैतहरी में तीन दिन पहले मिले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पति ही कातिल निकला। उसने शराब के नशे में पत्नी की हत्या कर दी थी। पत्नी खाना नहीं बना रही थी, इसलिए उसे गुस्सा आ गया।
बता दें कि थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोलना में 23 अगस्त को महिला जानकी भरिया पति विजय बैगा का तीन दिन पुराना शव घर के बाड़ी में पाया गया था। जिस पर पुलिस के द्वारा मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि घटना के बाद से मृतका का पति अपने दोनों बच्चों को लेकर कहीं चला गया है। जिस पर बच्चों की तलाश की गई। बच्चों ने पूछताछ में बताया कि पिता विजय ने मां से डंडे से मार पीट की थी। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी महिला की मौत सर में गंभीर चोट से होना पाया गया।
मामले में आरोपी पति के विरुद्ध धारा 103(1),238 के तहत अपराध दर्ज करते हुए विजय बैगा की तलाश प्रारंभ की गई, जहां हिरासत में लेते हुए उसे कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि 20 अगस्त को पत्नी ने शराब पी ली थी। इसके बाद दो दिन से घर में खाना नहीं बनाया था। इसी बात को लेकर के उसकी पत्नी से झगड़ा होने लगा और यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी के सिर में डंडे से वार कर दिया। जिससे पत्नी के सर में चोट होने पर तथा रात्रि में मौत हो गई। उसकी लाश को बाड़ी में झाड़ियां के बीच छुपा कर रख दिया और अपने बच्चों को लेकर अपने घर रामपुर चला गया था।