मुनीम की हत्या और लूट के मामले के एक आरोपी ने अदालत में सरेंडर कर दिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
सतना में सेंट्रल बैंक के सामने दिनदहाड़े शराब कंपनी के मुनीम की हत्या और लूट के मामले के एक आरोपी ने शुक्रवार को अदालत में सरेंडर कर दिया। उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जिस वक्त आरोपी अदालत पहुंचा उस वक्त पुलिस भी वहां मौजूद थी। बाद में उसे पुलिस ने रिमांड पर ले लिया।
मुनीम की हत्या कर 6 मार्च को 22 लाख रुपये लूटे गए थे। इसे यूपी के जौनपुर के जिलेदार गुट के शूटरों ने अंजाम दिया था। गुरुवार को एक शूटर आनंदपाल यादव को यूपी व सतना पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था, जबकि दो गिरोह के दो सरगना को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया था।
शराब कंपनी के मुनीम संजय सिंह की हत्या और लूट के मामले में आरोपी राहुल जायसवाल पिता बद्री जायसवाल (22) निवासी दुर्गा नगर नई बस्ती सतना ने अदालत में शुक्रवार को सरेंडर कर दिया। उसने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शक्ति वर्मा की अदालत में आत्म समर्पण किया। शुक्रवार को वह इस कदर गोपनीय ढंग से अदालत पहुंचा कि पुलिस को उसी अदालत के गेट के बाहर मौजूदगी के बावजूद भनक तक नहीं लगी। आरोपी राहुल जायसवाल के वकील अनिल कुमार शुक्ला ने उसका सरेंडर एप्लिकेशन मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर आरोपी को हाजिर करा दिया, तब पुलिस को इसकी जानकारी हुई। बाद में सिटी कोतवाली पुलिस ने अदालत से आरोपी की रिमांड मांगी। अदालत ने पुलिस का आवेदन स्वीकार करते हुए आरोपी राहुल जायसवाल को 19 मार्च तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। राहुल जायसवाल पर आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
अपने घर में रुकवाया था गिरोह के सरगना जिलेदार व सुभाष यादव को
राहुल पर इस सनसनीखेज वारदात में शामिल यूपी के गैंगस्टर सुभाष यादव, जिलेदार उर्फ जेडी वगैरह को अपने घर मे रुकवाने का आरोप है। इस काम के लिए उसे एक लाख रुपये लूट की रकम में से ही मनीष सिंह के जरिये दिए गए थे। वारदात में शामिल पेशेवर अपराधी आनंद सागर यादव का यूपी में एनकाउंटर होने और गैंगस्टर सुभाष यादव व जिलेदार उर्फ जेडी को कोलकाता से पकड़ा जा चुका है।