मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चांद के ग्राम माताखैरी से लगे भुमका बाबा मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बाइक को टक्कर मार दी। फिर सड़क किनारे खड़े युवक को रौंद दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टीआई राकेश बघेल ने बताया कि ग्राम दावाझिर निवासी 32 वर्षीय कृष्ण कुमार पिता चरनलाल इनवाती बुधवार रात अपने एक साथी के साथ बाइक से वापस गांव लौट रहा था। ग्राम माताखैरी से लगे भुमका बाबा मोड़ पर कृष्ण कुमार लघुशंका करने के लिए रुका था। कृष्ण कुमार और उसका साथी बाइक से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मारी और फिर कृष्ण कुमार को रौंदता हुआ फरार हो गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। वहीं, अज्ञात आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ धारा 279, 337 और 304ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।