लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में मंगलवार शाम कृष्ण विहार एल्डिको निवासी रजत बाजपेई (24) अपने दोस्त अर्पित के साथ उसकी स्कूटी से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो घरवाले पूरी रात खोजते रहे।
बुधवार सुबह 12 बजे वृंदावन सेक्टर 18 के पास वाटर डंपिंग ग्राउंड के पास उसका मोबाइल व उसके कपड़े रखे मिले लेकिन रजत का कोई पता नहीं चला। कोतवाल केके मिश्रा ने बताया, डंपिंग ग्राउंड में भरे पानी को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
पानी निकलने के बाद ही कुछ पता चलेगा। पुलिस उसके दोस्त अर्पित से पूछताछ कर रही है। रजत की मां अलका सिसेंडी में जूनियर विद्यालय में टीचर हैं। वहीं पिता कश्मीर में एक निजी कंपनी में कार्य करते हैं।
मां अलका ने बताया रजत ने बीटेक किया था और उसकी भी नौकरी उसी कंपनी में लग गई थी जिसमें उसके पिता काम करते हैं। 20 नवंबर को उसे श्रीनगर जाना था, उसका टिकट आ गया था।