लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास सोमवार देर शाम स्टंट के दौरान डिवाइडर से बाइक टकराने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य युवक घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, गोसाईंगंज के अर्जुनगंज का निवासी मनीष गौतम (22) फर्नीचर का काम करता था। सोमवार देर शाम वह अपनी बाइक से दोस्त गिलीच व दूसरी बाइक पर उसके भाई अनीस व दोस्त दीपांशु संग जनेश्वर मिश्र पार्क घूमने गया था। दोनों बाइक पर सवार चारों दोस्तों ने रेसिंग व स्टंट शुरू कर दिया। जनेश्वर पार्क के पास मनीष ने अनीस को ओवरटेक करने के लिए रफ्तार एकदम से बढ़ा दी। इससे बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मनीष को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, गिलीच मामूली रूप से घायल हुआ है। मनीष के परिवार में पिता विष्णु, मां सुनीता व तीन भाई हैं।
वहीं हसनगंज थाना क्षेत्र के शिवनगर कुम्हारन टोला निवासी यामीन (60) ई-रिक्शा चलाता था। मंगलवार सुबह वह घर से निकला तो शिवनगर मोड़ के पास सड़क किनारे बिजली के पोल से ई-रिक्शा टकरा गया जिससे उसकी मौत हो गई।