बख्शी का तालाब। इलाके में मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार आदित्य कुमार (21) की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं पहने थे, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी।
आदित्य माल के पिपरी कुराखर गांव के निवासी थे। उन्होंने हरदोई के कॉलेज से बीए का फॉर्म भरा था और सैदापुर स्थित आम के बाग की देखभाल करते थे। पिता आसाराम ने बताया कि आदित्य मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बाइक से बख्शी का तालाब जा रहे थे। चंद्रिका देवी रोड पर उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने उन्हें 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हादसे के वक्त आदित्य ने हेलमेट नहीं पहना था। हेलमेट पहने होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। आदित्य के परिवार में पिता के अलावा मां गंगा देवी, दो भाई और एक बहन हैं।