मलिहाबाद। कसमंडी कलां में दो पुराने ढांचों के पास स्थित कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर विरोध कर रहे एक यवुक को पुलिस ने हिरासत में लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार देर रात एक मुस्लिम वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई । ढांचे के निकट बने पुराने कब्रिस्तान में ही शव दफनाया जाना था। इस पर बुधवार सुबह लाखन आर्मी के एक कार्यकर्ता ने विरोध करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। हालांकि, ग्रामीणों में किसी प्रकार विवाद देखने को नहीं मिला। शव को वहीं कब्रिस्तान में दफनाया गया।
देर शाम एक अन्य संगठन के लोग पहुंचे और ढांचे के अंदर जाने की मांग करने लगे। पुलिस ने उन्हें लौटा दिया। पीएसी और पुलिस बल ने ढांचों के पास मीडिया सहित दोनों समुदाय के लोगों का प्रवेश पहले से ही प्रतिबंधित कर रखा है। मंगलवार को कई हिंदू संगठनों ने ढांचों के अंदर आरती करने और हनुमान चालीसा पढ़ने की कोशिश की थी। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मौके पर शांति है। पुलिस कड़ी नज़र रख रही है।
बकरीद को लेकर पुलिस अलर्ट
बृहस्पतिवार को बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। पुलिस और पीएसी सभी आने जाने वाले लोगों पर नजर रख रही है। ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।