मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए सभी मंत्रियों को बधाई दी। कहा कि सरकार व संगठन के समन्वय से प्रदेश में सकारात्मक जनादेश आया है। जाति और वंशवाद की राजनीति को लोगों ने नकार दिया है। विकास की राजनीति का दौर शुरू हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ-सबका विकास नारे पर जनता की मुहर लगी है।
15 जून तक बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी करें अधिकारी
आगामी बरसात में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सरकार के स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को 15 जून तक बाढ़ से सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाढ़ के लिहाज से अतिसंवेदनशील 24 और संवेदनशील 16 जिलों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा है।
मुख्यमंत्री बुधवार को अपने आवास पर बाढ़ नियंत्रण एवं सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। संवेदनशील जिलों में डीएम को दौरा कर तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत के मुताबिक नदियों की ड्रेजिंग करके धारा को मोड़ने और चैनलाइजेशन करने की कार्यवाही बरसात शुरू होने से पहले ही पूरी करा ली जाए।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए जिलों में स्थापित गो आश्रय स्थलों पर पर्याप्त चारे व भूसे आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रमुख सचिव सिंचाई टी. वेंकटेश व संबंधित अभियंताओं ने बाढ़ से निपटने की तैयारियों से संबंधित प्रजेंटेशन दिया।
बैठक में सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह, मुख्य सचिव डॉ. अनूपचंद्र पांडेय, अपर मुख्य सचिव राजस्व रेणुका कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल व सभी प्रभावित जिलों के डीएम मौजूद थे।