लखनऊ। करवाचौथ केपहले पति की मौत होने से महिला सदमे में आ गई। इसी सदमे में बुधवार दोपहर गोमतीनगर के गांधी सेतु से नदी में छलांग लगा दी। गोताखोरों ने उसे देख लिया और मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, ऐशबाग के मालवीय नगर निवासी पूजा के पति का करवाचौथ के चार दिन पहले गोरखपुर में एक सड़क हादसे में निधन हो गया था। इससे वह सदमे में थी। बुधवार दोपहर वह अपनी एक दोस्त के साथ गोमतीनगर के 1090 चौराहे आई थी। इस बीच दोस्त से छिपकर वह पुल पर पहुंच गई और नदी में छलांग लगा दी। गोताखोरों ने महिला को नदी से बाहर निकाला। पुल पर भीड़ देख दोस्त भी वहां पहुंच गई। दोस्त की सूचना पर पहुंचे परिवारिजन पूजा को घर लेकर चले गए।