लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एच स्थित एक ब्यूटी पार्लर पर शनिवार को पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर एक युवती पहुंची। उसने 650 रुपये का फेशियल कराया। आशियाना थाने में अपनी तैनाती की जानकारी देते हुए उसने ब्यूटी पार्लर संचालिका से कहा कि मेरे मोबाइल में नेटवर्क नहीं है, कुछ देर बाद एटीएम से पैसे निकाल कर दे जाऊंगी। उसने ब्यूटी पार्लर संचालिका का मोबाइल नंबर भी नोट किया। फिर सफेद रंग की एक्टिवा से चली गई।
शाम तक कथित इंस्पेक्टर के नहीं आने पर ब्यूटी पार्लर संचालिका ने आशियाना थाने से जानकारी की। इस पर पता चला कि वहां कोई महिला इंस्पेक्टर नहीं है। शिकायत पर पुलिस ने ब्यूटी पार्लर के सामने एक मकान में लगे सीसीटीवी से फुटेज निकलवाई है जिसमें कथित इंस्पेक्टर एक्टिवा से जाती दिख रही है। आशियाना इंस्पेक्टर परमहंस गुप्ता का कहना है कि छानबीन की जा रही है।