- सिरसिया व हरदत्त नगर थाना क्षेत्र का मामला
श्रावस्ती। सिरसिया थाना क्षेत्र व हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में दो लोगों की सर्पदंश से मौत हो गई। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बालापुर निवासी राम संवारी (50) शनिवार भुसैले से भूसा निकालने गई थी। जहां भूसा निकालते समय वहां मौजूद किसी विषैले सर्प ने उसके हाथ की उंगली में डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। जानकारी होने पर परिवारीजन उसे एंबुलेंस से सीएचसी सिरसिया ले गए। जहां चिकित्सकों ने हालत में सुधार न होने पर उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद
वहीं तुलसीपुर के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम सिटकहना के मजरा टेपरी निवासी जगतराम उर्फ भुसैली (30) शुक्रवार रात गांव के पास स्थित नागा बाबा मंदिर के बाग में सो रहा था। जहां सोते समय उसे विषैले सांप ने डस लिया। जब तक परिजन कुछ समझ पाते व जगतराम को अस्पताल ले जाते, जगतराम की मौत हो गई। इसकी सूचना परिजनों ने हरदत्त नगर गिरंट पुलिस को दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष शैलकांत उपाध्याय ने मृतक के ससुर विशुननाथ की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। संवाद