यूपी का मौसम बदल रहा है। भले ही धुंध प्रतीत होती हो लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है।
विज्ञापन
धूप अब अच्छी लगने लगी है, हालांकि पारे में बीते कुछ दिनों से ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं हो रहा हैं। बीते तीन दिनों की बात करें तो अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि रात का पारा 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। इस स्थिरता में कुछ बदलाव होने के आसार मौसम वैज्ञानिक जता रहे हैं। मंगलवार से पारा फिर गिरेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 23 नवंबर के आसपास एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के आसार हैं। वहीं मंगलवार से फिर से हवा पछुआ होने के आसार है। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में दो डिग्री के आसपास की गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पारे में क्रमिक गिरावट का दौर रहेगा, बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
विज्ञापन
लालबाग की हवा बेहद खराब
लखनऊ का वायु गुणवत्ता सूचकांक का औसत सोमवार की सुबह 200 तक पहुंच चुका था। शाम को कुछ गिरा और 197 रिकॉर्ड हुआ। यह येलो श्रेणी में शामिल है, यानी खराब हवा की ओर बढ़ता हुआ है। जबकि लालबाग नारंगी श्रेणी में लगातार बना हुआ है। यह रंग बता रहा है कि यहां कि हवा खराब है। ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पश्चिम में प्रदूषण बढ़ा और साथ में पछुआ हवा चली तो प्रदूषण बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।