समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर कर्मचारी- शिक्षकों की लंबे समय से चल रही मांग पुरानी पेंशन को बहाल किया जाएगा। इसके लिए जरूरत पड़ी तो कार्पस फंड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को यश भारती पुरस्कार दिया जाएगा। यश भारती की तरह ही जिला स्तर पर भी उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए पुरस्कार शुरू किया जाएगा।
जिला स्तर पर नगर भारती सम्मान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिए जान वाले यश भारती सम्मान को फिर से शुरू करने की घोषणा की है। यश भारती की तरह ही जिला स्तर पर नगर भारती सम्मान देने का भी एलान किया है। इसे चिकित्सा, शिक्षा, समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वालो को दिया जाएगा।
रोजगार देना प्राथमिकता
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार की प्राथमिकता होगी कि ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले। समाजवादी सरकार ने लगभग 20 लाख छात्र नौजवानों को लैपटॉप दिए जो कोविड काल में रोजगार का जरिया बना। भाजपा ने जो टैबलेट दिया वह खराब हो गए हैं। सपा घोषणा पत्र में नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार की योजना लाएंगी। जरूरत पड़ी तो एचसीएल की तर्ज पर दूसरी कंपनियों को भी सुविधाएं देकर उत्तर प्रदेश में लाएंगे।
वर्चुअल और फिजिकल कैंपेन शुरू
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा जो वादे करती है, उसे पूरा करती है। पार्टी की वर्चुअल रैली चल रही है। पार्टी कार्यकर्ता कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए फिजिकल कैंपेन कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी दें और जनता से वोट की अपील करें। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा बताए कि ओएनजीसी को कितना मुनाफा हुआ। आखिर नौकरी मांगने वालों को लाठियों से क्यों पीटा गया?
भाजपा खत्म कर रही है परिवारवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपर्णा बिष्ट के भाजपा में जाने के सवाल पर तंज कसा। कहा कि भाजपा हम पर परिवारवार का आरोप लगाती रही है। अच्छा है कि वह हमारे परिवारवार को खत्म कर रही है। हम किसी के परिवार में लडाई नहीं कराते हैं, लेकिन भाजपा का यही चरित्र है।
उन्हें स्टूल के अलावा कुछ नहीं मिला
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से की गई टिप्पणी के सवाल पर कहा कि उनके बारे में बात करना बेकार है। उन्हें पूरे कार्यकाल में स्टूल के अलावा कुछ नहीं मिला है। वह अपने समाज के लिए कुछ नहीं कर पाए हैं। उन्हेंलगातार अपमान मिला है। भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि एक को इतना दबाया की वे हनुमान चालीसा पढ़ने लगे। हो सकता है अगली बार हमारे साथ आ जाएं।