इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) ने राजधानी में प्लेसमेंट के सारे रिकार्ड ब्रेक किए हैं।
यहां के बीटेक कंप्यूटर साइंस के छात्र विवेक भारद्वाज को 1.37 करोड़ सालाना के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है। विवेक को गूगल के द्वारा लंदन में जॉब ऑफर की गई है।
साथ ही आईईटी के दो अन्य विद्यार्थियों को भारत में 45-45 लाख सालाना का पैकेज भी मिला है।
गूगल में प्लेस विवेक ने कहा कि मेरा शुरुआत से सपना था कि विदेश जाना है और वहां के काम का अनुभव लेना है। किंतु यह नहीं सोचा था कि पहली ही बार में विदेश में जॉब करने का अवसर मिलेगा।
फिलहाल कंपनी ज्वॉइन करूंगा और वहां काम का अनुभव लूंगा। यह देखना चाहता हूं कि विदेश में लोग किस तकनीकी से काम करते और बेहतर परफार्मेंस देते हैं।
अंत में वापस भारत आकर यहां अपना स्टार्टअप शुरू करूंगा। विवेक ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य मेरे पसंदीदा विषय हैं और मैं इसी में बेहतर करना चाहूंगा।
पांच साल बाद इसकी क्या जरूरत होगी यह नहीं पता, लेकिन वर्तमान में क्रिप्टोकरेंसी एक अच्छा क्षेत्र है, जहां काम करने का अवसर है।
शिक्षा में युवाओं के लिए अभी भी जॉब की जरूरत के अनुसार मैटेरियल की कमी है। इसमें कुछ बेहतर कर सका तो करूंगा।
उन्होंने कहा कि गूगल, माइक्रोसाफ्ट जैसी कंपनियों के सीईओ भारतीय हैं लेकिन संस्थापक क्यों नहीं? मैं किसी कंपनी में कर्मचारी के रूप में नहीं बल्कि संस्थापक के रूप में काम करना चाहूंगा।
विवेक वर्तमान में फ्लिपकार्ट में सॉफ्टवेयर डेवलपर इंजीनियर के पद पर इंटर्नशिप कर रहे हैं। वह अगस्त में गूगल को ज्वॉइन करेंगे। मूल रूप से बुलंदशहर निवासी विवेक के पिता विशन स्वरूप शर्मा सरकारी नौकरी में और मां रेखा शर्मा गृहणी हैं।
वेबसाइट डेवलप करने में रुचि
आईईटी के बीटेक कंप्यूटर साइंस के छात्र शुभांकर सक्सेना को अमेजन में 45.5 लाख सालाना का पैकेज मिला है। शुभांकर ने कहा कि अभी मैं सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में ही बेस्ट देने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि वेबसाइट को ज्यादा से ज्यादा यूजर फ्रैंडली बनाने के लिए काम करने की इच्छा है। जब कोई व्यक्ति किसी वेबसाइट को प्रयोग करे तो उसे कोई दिक्कत न हो, कुछ ऐसा प्रयास करूंगा। आगे मौका मिला तो स्टार्टअप भी शुरू करना चाहूंगा। मूलरूप से लखनऊ निवासी शुभांकर के पिता मुकुल सक्सेना एनआईसी में सीनियर टेक्निकल डायरेक्टर और मां प्रतिभा सक्सेना गृहणी हैं।
अभी सीखना और अनुभव लेना है
आईईटी की बीटेक कंप्यूटर साइंस की सोनाली सिंह को अमेजन में 45 लाख सालाना के पैकेज पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर प्लेसमेंट मिली है। साथ ही उबर में भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर 38 लाख सालाना का ऑफर है। वर्तमान में वॉलमार्ट में इंटर्नशिप कर रही हूं और इससे पहले अमेजन में भी इंटर्नशिप की थी। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा काम का अनुभव लेना है। एक अच्छी जॉब के बाद अपना स्टार्टअप करना चाहूंगी। साथ ही स्ट्रीट एनीमल के लिए काम करने की इच्छा है, क्योंकि उनके लिए कोई बेहतर व्यवस्था नहीं डेवलप हो पाई है। मूलरूप से वाराणसी निवासी सोनाली के पिता ओपी सिंह का अपना बिजनेस है जबकि मां अंजली सिंह गृहणी हैं।
इनको मिला बेहतर प्लेसमेंट
उक्त के साथ ही संस्थान की अंशिका यादव का ब्लूमबर्ग, गोल्डमैन, बीएनवाई मेलर में अधिकतम 36 लाख सालाना के पैकेज पर, मनीष का ग्रुपऑन में 35 लाख, अभिषेक कुमार सिंह का गूगल में 32 लाख, प्रांजुल पाल का टैक्ट एआई 26 लाख, गौरव सिंह का टैक्ट एआई में अधिकतम 25 लाख व नीरज शर्मा का ब्राइट मनी, स्लाइस व अमेजन में अधिकतम 25 लाख सालाना के पैकेज पर चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त भी काफी विद्यार्थियों को अच्छा प्लेसमेंट मिला है। जिसे लेकर संस्थान प्रशासन उत्साहित है।
कोविड के बाद संस्थान के एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों को काफी अच्छा प्लेसमेंट मिला है। इसके लिए न सिर्फ उनकी मेहनत बल्कि अभिभावकों व शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन सभी को बधाई व भविष्य की शुभकामनाएं। हम विद्यार्थियों को हर बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास कर रहे हैं ताकि उनको तैयारी में किसी तरह की दिक्कत न हो।
- प्रो. विनीत कंसल, निदेशक, आईईटी