मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कोरोना संक्रमण समेत अन्य बीमारियों की रोकथाम पर उच्च स्तरीय बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वायरल बीमारियों की रोकथाम के लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों सहित सभी संबंधित कर्मियों का सहयोग लिया जाए। शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। लोगों को पानी उबालकर और छानकर पीने के लिए जागरूक किया जाए। क्लोरीन की गोलियां भी वितरित की जाए।
उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद में डेंगू व अन्य वायरल बीमारियों की रोकथाम के लिए अतिरिक्त बेड, चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टाफ, दवाइयां, जांच उपकरण आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जरूरत के अनुसार इसमें बढ़ोतरी की जाए। फिरोजाबाद जिले की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जाए। ग्राम्य विकास, नगर विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा का विशेष अभियान चलाए।
उन्होंने पंचायतीराज विभाग और नगर विकास विभाग द्वारा बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन कराने और निगरानी समितियों को एक्टिव करने का निर्देश दिया। साथ ही बाढ़ अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राशन व फूड पैकेट व राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
कोरोना को लेकर हर स्तर पर बरते सावधानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड नियंत्रित है, लेकिन खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में हर स्तर पर सावधानी बरतनी होगी। थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। इसलिए कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से जारी रखा जाए।