विलय किए गए विद्यालयों का फिर होगा सत्यापन
लखनऊ। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में विलय किए गए सभी प्राइमरी स्कूलों का दोबारा सत्यापन होगा। बीएसए ने बृहस्पतिवार को बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इसके निर्देश दिए। बीईओ विलय वाले दोनों स्कूलों के बीच की दूरी और भवन की जांच कर सत्यापन रिपोर्ट शुक्रवार शाम को बीएसए को सौंपेंगे।
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने एक किलोमीटर से अधिक दूरी वाले और 50 या इससे छात्र संख्या वाले मर्ज किए गए स्कूलों का विलय निरस्त किए जाने की बात कही है और विद्यालयों के सत्यापन का आदेश जारी किया है। जून के आखिर में कम छात्र संख्या के चलते नगर और ग्रामीण क्षेत्र के 169 प्राइमरी स्कूल विलय किए गए थे। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने स्कूल विलय के खिलाफ सरकार के पुनर्विचार आदेश की सराहना की है। इससे अधिक दूरी वाले स्कूलों का विलय निरस्त होने पर स्कूलों की छात्र संख्या बढ़ जाएगी।
वर्जन
सभी बीईओ को विलय किए गए दोनों स्कूलों के बीच की दूरी और भवन के सत्यापन के लिए कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद एक किमी से अधिक दूरी वाले स्कूलों का विलय निरस्त किया जाएगा।
- राम प्रवेश, बीएसए