हनुमान सेतु से समतामूलक चौक तक ग्रीन कॉरिडोर पर फर्राटा भरने के लिए राजधानी के लोगों को अभी और इंतजार करना होगा। जुलाई में उनकी इच्छा पूरी नहीं हो पाएगी। अब बारिश के बाद नए साल में ही वह इस रूट पर बिना ट्रैफिक जाम में फंसे अपनी गाड़ी दौड़ा सकेंगे।
ग्रीन कॉरिडोर के प्रोजेक्ट मैनेजर एके सेंगर ने बताया कि समतामूलक चौक से लेकर निशातगंज तक फ्लाईओवर का काम 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो गया है। कुछ ही काम बाकी है, जिसे जून में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद स्मृति चौक की डिजाइन में बदलाव कर उसे फिर से बनाया जाएगा, ताकि ग्रीन कॉरिडोर का ट्रैफिक सीधे निकल जाए। ये काम अभी शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए टेंडर हो गया है। वहीं, निशातगंज से हनुमान सेतु तक बंधा रोड को चौड़ा किया जा रहा है। एक ओर मिट्टी की पटाई का काम हो चुका है। दूसरी ओर का बाकी है। बारिश शुरू होने से मिट़्टी पटाई को मजबूती भी मिलेगी। बारिश के बाद इस रूट को बनाना शुरू किया जाएगा।
ग्रीन कॉरिडोर योजना के तहत गोमती नदी तट पर आईआईएम से लेकर किसान पथ तक करीब 28 किमी लंबाई में फोर लेन कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इसका काम चार फेज में हो रहा है। पहले फेज का काम आईआईएम रोड से पक्का पुल तक करीब सात किमी का है। दूसरा फेज में पक्का पुल से पिपराघाट तक करीब नौ किमी का है। तीसरा फेज पिपराघाट से शहीद तक करीब छह किमी और चौथा फेज शहीद पथ से किसान पथ तक करीब छह किमी का है। इसमें पहले फेज पर करीब डेढ़ साल से आवागमन चालू है।
ग्रीन कॉरिडोर के प्रोजेक्ट मैनेजर एके सेंगर ने बताया कि स्मृति चौक और बंधा रोड का काम दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद हनुमान सेतु से बंधा रोड होते हुए समतामूलक चौक तक का रूट खोल दिया जाएगा।