आखिरकार प्रदेश के आयोगों, निगमों व परिषदों में भाजपा कार्यकर्ताओं के समायोजन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत बुधवार को आगरा के डॉ. रामबाबू हरित को उप्र. अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग में अध्यक्ष नामित किया गया। वहीं, शाहजहांपुर के मिथिलेश कुमार व सोनभद्र के राम नरेश पासवान को आयोग में उपाध्यक्ष और 15 अन्य को सदस्य नामित किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
बीते सप्ताह दिल्ली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से भेंट के बाद प्रदेश के आयोगों, निगमों व परिषदों में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को नामित करने की यह प्रक्रिया शुरू हुई है। सूत्रों का कहना है कि योगी की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के दौरान इन खाली पदों का मामला भी उठा था। मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद अब यह माना जा रहा है कि जल्द अन्य सरकारी संस्थाओं में भी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का समायोजन किया जाएगा।
बता दें कि सेवानिवृत्त आईपीएस अफसर बृजलाल का कार्यकाल खत्म होने के बाद से अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग 18 नवंबर, 2019 से खाली पड़ा था। ऐसे ही पिछड़ा वर्ग आयोग जुलाई 2019 से खाली है। यहां यहां भी समायोजन की उम्मीद है।