लखनऊ। ट्रेनों की तर्ज पर यात्री 3 अक्तूबर से बसों की लाइव लोकेशन देख सकेंगे। सुविधा को पहले 21 सितंबर से शुरू करने की योजना थी, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते ऐसा नहीं हो सका।
यात्री मार्गदर्शी और राही एप के जरिये अपने मोबाइल फोन पर बसों की लोकेशन देख सकेंगे। इतना ही नहीं एप के जरिये वे सीटों की तत्काल या एडवांस बुकिंग करवा सकेंगे। एप की निगरानी परिवहन निगम मुख्यालय पर बनाए गए कमांड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। बस की रवानगी से लेकर उसके ठहराव तक की जानकारी एप पर मिलेगी। परिचालक ने कितने टिकट काटे, बस में यात्रियों की संख्या कितनी है, इस सबकी जानकारी कंट्रोल रूम में बैठे अफसरों को मिल सकेगी। मुख्यालय पर बनाए गए कंट्रोल रूम की तर्ज पर प्रदेश के 20 क्षेत्रीय कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।