नियुक्ति की मांग करते हुए मोअल्लिम उर्दू डिग्री धारकों ने गुरुवार को सीएम आवास का घेराव किया।
पुलिस से नोकझोंक व खदेड़े जाने पर हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया और देर शाम स्वास्थ्य मंत्री का आवास का घेराव किया। उनका कहना था कि सभी 4280 मोअल्लिम उर्दू डिग्री धारकों को नियुक्ति दी जाए।
गुरुवार को मोअल्लिम ए उर्दू एसोसिएशन के अध्यक्ष ताजबर एहतेशाम खान के नेतृत्व में सैकड़ों मोअल्लिम उर्दू डिग्री धारकों ने सीएम आवास पहुंचकर हंगामा करते हुए नियुक्ति की मांग के साथ सीएम से वार्ता की मांग की।
इस दौरान पुलिस से कई बार नोकझोंक हुई लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग को लेकर सीएम आवास पर हंगामा करते रहे। इस पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मोअल्लिम उर्दू पर हल्का बल प्रयोग कर तितर-बितर कर दिया।
तितर-बितर हुए मोअल्लिम उर्दू डिग्री धारकों का एक दल हजरतगंज चौराहे पर नारेबाजी करता हुए धरने पर बैठ गया वहीं दूसरा दल स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन के आवास पर जमा हो गया।
देर शाम तक मोअल्लिम उर्दू डिग्री धारक मंत्री आवास पर हंगामा करते रहे लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
अध्यक्ष ताज का कहना था कि कोटे व सरकारी मामलों से उन्हें कोई मतलब नहीं है एसोसिएशन चाहती है कि जितने 4280 मोअल्लिम उर्दू डिग्री धारक हैं उन सब की नियुक्ति हो।
उन्होंने बताया कि अब तक 2000 मोअल्लिम उर्दू डिग्री धारक नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं और सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया बंद कर दी है।