स्मार्ट मीटर के बंद होने के मामले में सभी विद्युत वितरण कंपनियों व उप्र पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने उप्र विद्युत नियामक आयोग में अपनी-अपनी रिपोर्ट दाखिल कर दी है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि विद्युत वितरण निगमों ने ई-मेल के जरिए जो रिपोर्ट नियामक आयोग को भेजी है वह आधी-अधूरी है।
बता दें कि जन्माष्टमी के दिन प्रदेश भर में लगे लाखों की संख्या में स्मार्ट मीटर अचानक बंद हो गए थे। इस वजह से उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। हालांकि पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने 1.58 लाख स्मार्ट मीटर ही बंद होना स्वीकार किया था।
इस मामले की जांच के लिए सरकार ने जहा एसआईटी का गठन किया है, वहीं विद्युत नियामक आयोग ने भी पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन और विद्युत वितरण निगमों से रिपोर्ट तलब की थी। इसी कड़ी में पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन और विद्युत वितरण निगमों ने अपना जवाब दाखिल किया है। अब सोमवार को आयोग इस मामले की सुनवाई करेगा।