प्रदेश में संक्रमण की दर सप्ताहभर से 0.14 फीसदी के करीब बनी हुई है। हालांकि मंगलवार को 170 नए मरीज मिले हैं, जबकि 110 उपचार के बाद ठीक हुए हैं। अब एक्टिव केस की संख्या 856 हो गई है। प्रदेश में 24 घंटों में 113385 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 170 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें गौतमबुद्ध नगर में 103, गाजियाबाद में 33, लखनऊ में पांच, मेरठ में तीन, प्रयागराज में चार, गोंडा में चार मरीज मिले हैं। इसी तरह बुलंदशहर, वाराणसी में दो-दो, आगरा, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, बागपत, महराजगंज, पीलीभीत, रायबरेली, रामपुर, आजमगढ़, बस्ती, देवरिया, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर में एक-एक मरीज मिले हैँ। बीते 24 घंटे में 110 व्यक्तियों को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
टीकाकरण हुआ तेज
प्रदेश में टीकाकरण तेज करने का निर्देश दिया गया है। अब तक 30 करोड़ 86 लाख 80 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पूरी जनसंख्या को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है। 86.69 प्रतिशत लोग कोविड टीके की दोनों डोज ले चुके हैं। इसी तरह 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग में 94.26 प्रतिशत किशोर कोविड वैक्सीन की प्रथम डोज तथा 61.64 प्रतिशत किशोर टीके की दूसरी खुराक प्राप्त कर चुके हैं। 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 35 लाख 32 हजार से अधिक बच्चों ने टीके की खुराक ले ली है।