यूपी टीईटी की परीक्षा में लगभग 20 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया था। छात्रों की इस बड़ी संख्या के लिए राज्य भर में सरकार द्वारा 2,736 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया था। हालांकि, परीक्षा के दिन ही पेपर लीक हो जाने के कारण इसे निरस्त कर दिया गया था। यूपीटीईटी परीक्षा हर साल आयोजित की जाती है। इसके माध्यम से यूपी सरकार के स्कूलों में प्राथमिक (कक्षा 1-5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6-8) कक्षाओं को पढ़ाने के लिए योग्य शिक्षकों का चयन किया जाता है।
नए परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे
यूपी टीईटी की परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है। शासन स्तर पर इसे लेकर एक बैठक भी हुई, जिसमें सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी को भी बुलाया गया था। खबरों के मुताबिक इस बार परीक्षा के लिए नए और बेहतर केंद्रों का चयन किया जाएगा। उम्मीदवारों को नया प्रवेश पत्र भी जारी किया जाएगा। इसके अलावा ओएमआर शीट आदि के निर्माण आदि में समय लगने के कारण इस परीक्षा में ज्यादा समय लगने की उम्मीद है।