परिवहन निगम की बसों में बुधवार आधी रात से सफर करना और मंहगा हो सकता है।
निगम के प्रस्ताव को राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने मंजूरी दे दी तो यात्री किराए में दो पैसा प्रति किमी की दर से बढ़ोतरी होगी।
परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता में बुधवार को होने वाली एसटीए की बैठक में निगम की बसों का किराया दो पैसा प्रति किमी बढ़ाने के प्रस्ताव और परमिट प्रकरण पर सुनवाई होगी।
इस बैठक में निगम के प्रस्ताव को मंजूरी मिलना तय है। एसटीए ने प्रस्ताव को मंजूर किया तो साधारण बस का किराया 79 पैसा प्रति किमी. से बढ़कर 81 पैसा और वॉल्वो का 2.13 से बढ़कर 2.15 रुपये प्रति किमी. हो जाएगा।
निगम के सूत्र बताते कि एसटीए से किराया बढ़ाने की मंजूरी मिलते ही इसे तत्काल प्रभावी कर दिया जाएगा।
स्मार्ट प्रीपेड कार्ड बनवाएं, किराए में 20 फीसदी छूट पाएं
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का स्मार्ट प्रीपेड कार्ड बनवाने पर किराए में छूट मिलेगी।
इस कार्ड से सफर करने पर किराए में 20 फीसदी की छूट दी जाएगी। यानी 500 रुपये की वैल्यू पर 600 रुपये किराए के बराबर यात्रा कर सकेंगे।
निगम ने इसके लिए आईसीआईसीआई बैंक के साथ मिलकर करार किया है। परिवहन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के मुताबिक, यात्री स्मार्ट प्रीपेड कार्ड से शॉपिंग मॉल्स में खरीददारी कर सकते हैं।
इस प्रीपेड कार्ड से भारत में सभी व्यापारिक स्थलों पर खरीद की जा सकती है। यात्रा के किराए और शॉपिंग के भुगतान का बेहतरीन अनुभव दिलाने के लिए कस्टमर केयर की व्यवस्था भी है।
उनमें मौजूद प्रतिनिधियों से यात्री इस संबंध में जानकारी हासिल कर सकते हैं।
यात्री निगम के कस्टमर केयर के मोबाइल नंबर 8756888110 पर कॉल करके स्मार्ट प्रीपेड कार्ड बनवाने सहित अन्य समस्याओं का निदान पा सकते हैं।