प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार लखनऊ से वाराणसी के बीच सीधी हवाई सेवा जल्द शुरू होगी। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से अनुरोध किया था। इस पर केंद्रीय मंत्री ने पत्र के माध्यम से घरेलू विमानन कंपनियों के साथ व्यापक इस संबंध में विचार चलने और जल्द सकारात्मक परिणाम आने की बात कही है।
मंत्री जयवीर के अनुसार लखनऊ से वाराणसी के बीच सीधी उड़ान की सुविधा हो जाने से प्रदेश में पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही देश-विदेश के सैलानी लखनऊ के धार्मिक व ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कर सकेंगे। उनके अनुसार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया है कि अभी वाराणसी हवाई अड्डे से प्रति सप्ताह 414 विमानों का आवागमन होता है और पांच एयरलाइन कंपनियां- इंडिगो, एयरइंडिया, गो-फर्स्ट एअर, स्पाइस जेट व विस्तारा विमानों का संचालन कर रही हैं। इसके अलावा वाराणसी से अहमदाबाद, बंगलुरू, भुवनेश्वर, चेन्नई, दिल्ली, देहरादून, गोरखपुर, गुवाहटी, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, मुंबई, पटना व लखनऊ के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं।