परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी अब बसों में सवार होकर घूमना होगा। यह देखना होगा कि यात्रियों को किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। इस बाबत परिवहन मंत्री खुद भी बसों में जांच कर रहे हैं। उन्होंने ही इस बाबत अधिकारियों को निर्देशित किया है।
परिवहन विभाग में लगातार यात्रियों को सुविधाएं देने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। खुद सीएम योगी इसे लेकर गंभीर हैं। उधर परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर ने भी इस बाबत अभियान चलाने की बात कही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दी जाएं। सीएम की मंशा है कि प्रदेश की जनता को एक बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएं। इस दिशा में गंभीरता से काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि न केवल यात्रा के दौरान बस में बल्कि बस स्टैंडों पर बस का इंतजार करते समय भी यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसमें लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रोडवेज अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने हाेेंगे। बसों में सफर करते हुए यह देखना होगा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है। इसके लिए टीमें बनाकर अभियान चलाने की तैयारी की जाए। वह खुद भी समय समय पर बसों का निरीक्षण कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार को लेकर 24 घंटे का बसोें का चक्का जाम का अल्टीमेटम
यूपी रोडवेज एंप्लाइज यूनियन ने रोडवेज में भ्रष्टाचार और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आंदोलन का बिगुल बजाया है। आंदोलन के क्रम में यूनियन ने 24 घंटे का बसों का चक्का जाम करने का भी अल्टीमेटम दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रांतीय अध्यक्ष रामजी त्रिपाठी एवं प्रांतीय महामंत्री तेज बहादुर शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि इस आंदोलन का निर्णय केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक में लिया गया है। आंदोलन के प्रथम चरण में सात जून को टेढ़ी कोठी स्थित रोडवेज मुख्यालय में पूर्वाह्न 11:00 से शाम 4:00 बजे तक विशाल धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन करके प्रबंध निदेशक को भ्रष्टाचार के दोषियों पर कार्रवाई एवं कर्मियों की समस्याओं का निराकरण करने की मांग करेंगे। कार्रवाई न होने पर 24/25 जून की आधी रात 12 बजे से 24 घंटे के लिए प्रदेश भर में बसों का चक्का जाम करेंगे। उधर, लखनऊ परिक्षेत्र के पदाधिकारी रुपेश कुमार व सुभाष कुमार वर्मा ने बताया कि मंगलवार को आयोजित होने वाले प्रदर्शन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।