राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में खुलने वाले मॉडल स्कूलों में पढ़ाई को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग पसोपेश में फंसा हुआ है। राज्य सरकार ने इन स्कूलों में इसी शैक्षिक सत्र यानी अप्रैल से पढ़ाई शुरू कराने का निर्णय किया था।
कैबिनेट ने यह भी निर्णय किया था कि इन स्कूलों को आदर्श स्कूल बनाते हुए सीबीएसई पैटर्न पर पढ़ाई कराई जाएगी। सत्र शुरू हुए एक माह बीत गया लेकिन यह तय नहीं हो सका कि इन स्कूलों में कब से पढ़ाई शुरू कराई जाए।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक अवध नरेश शर्मा कहते हैं कि उच्च स्तर से अभी इस बारे में कोई नया दिशा-निर्देश नहीं मिला है। वहां से आदेश आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
केंद्र ने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में वर्ष 2010-11 में 148 तथा 2012-13 में 45 मॉडल स्कूल स्वीकृत किए थे। इनमें से अधिकतर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। फर्नीचर व लैब उपकरण खरीदने की प्रक्रिया चल रही है।